पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा, हथियार और कारतूस के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार
शेखर खान "पत्रकार"
शहडोल। जिले की अमलाई पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक स्कॉर्पियो वाहन से अवैध मादक पदार्थ गांजा, अवैध देशी कट्टे और जिंदा कारतूस बरामद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के नाम
उदय भान उर्फ दादू जायसवाल सिरोजा
आशीष गुप्ता राजेन्द्राम
कपिल सोनी सकोला
मो यूसुफ गौरेला
प्रणव शर्मा बुढार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पेण्ड्रा-अनूपपुर की ओर से एक सफेद स्कॉर्पियो में कुछ लोग अवैध गांजा लेकर शहडोल की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस ने कोतमा-अनूपपुर-शहडोल मुख्य मार्ग स्थित बुढ़ार तिराहा पर नाकेबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो (CG-04-PU-7577) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने करीब 300 मीटर पीछा कर वाहन में सवार सभी पांच आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से 1.567 किलोग्राम गांजा, 2 अवैध देशी कट्टे, 2 जिंदा कारतूस, स्कॉर्पियो वाहन, तीन अन्य नंबर प्लेट तथा पांच महंगे एंड्रॉयड व आईफोन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

0 Comments