Ticker

6/recent/ticker-posts

मध्य प्रदेश में एक और स्कैम ‘सुपर डिस्काउंट’ का जाल, सैकड़ों लोगों से लाखों की ठगी सामान देने से पहले ही फरार हुआ दुकानदार, ठगो ने शहर छोड़ तहसीलों को बना रहे निशाना

मध्य प्रदेश में एक और स्कैम ‘सुपर डिस्काउंट’ का जाल, सैकड़ों लोगों से लाखों की ठगी सामान देने से पहले ही फरार हुआ दुकानदार, ठगो ने शहर छोड़ तहसीलों को बना रहे निशाना



शेखर खान "पत्रकार"


मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सैकड़ों परिवारों को आर्थिक संकट में डाल दिया है। घरेलू सामान और फर्नीचर पर भारी छूट का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए और फिर दुकान बंद कर संचालक फरार हो गया।


मामला ब्यौहारी थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल रोड स्थित एलआईसी ऑफिस के सामने गणेश यशोदा कॉम्प्लेक्स में संचालित मोहना ट्रेडर्स का है। यहां पहले ग्राहकों को बाजार से करीब 80 प्रतिशत तक सस्ता सामान देकर भरोसा बनाया गया। जब लोगों का विश्वास जीत लिया गया तो संचालक ने 50 प्रतिशत छूट पर भविष्य में सामान देने की योजना शुरू कर दी और एडवांस राशि जमा कराना शुरू कर दिया।


भारी छूट के लालच में बड़ी संख्या में लोगों ने घरेलू उपयोग का सामान, खासकर फर्नीचर लेने के लिए हजारों से लेकर लाखों रुपये तक एडवांस में जमा कर दिए। ग्राहकों को सामान देने की एक तय तारीख भी दी गई, जिससे लोगों को लगा कि उन्हें सच में सस्ता सामान मिलने वाला है। लेकिन जब तय दिन पर ग्राहक दुकान पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दुकान पर ताला लटका हुआ था और संचालक मौके से फरार हो चुका था। कुछ ही देर में खबर पूरे इलाके में फैल गई और ठगी के शिकार लोग सैकड़ों की संख्या में दुकान के बाहर जमा होकर हंगामा करने लगे।


लोगों का आरोप है कि उनकी मेहनत की कमाई एक सुनियोजित तरीके से हड़प ली गई। पीड़ितों का कहना है कि कम कीमत के लालच में उन्होंने अपनी जमा पूंजी एडवांस के रूप में दे दी, लेकिन अब उन्हें न सामान मिला और न ही पैसा वापस मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। एक महिला की शिकायत पर ब्यौहारी पुलिस ने मोहना ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।


                          थाना प्रभारी जियाउल हक 

ब्यौहारी थाना प्रभारी जियाउल हक के मुताबिक, आरोपी ने कम दाम में सामान देने का झांसा देकर लोगों से एडवांस पैसे जमा कराए और बाद में दुकान बंद कर फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा फिलहाल ठगी का शिकार हुए लोग प्रशासन से न्याय और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments