तालाब में नहा रहे थे तीन भाई-बहन, एक-एक करके सभी डूबे, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
सीधी। प्रदेश के सीधी जिले में एक दर्दनाक हादसा में तालाब में डूबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। गांव में महुआ बीनने के बाद तीनों सगे भाई-बहन तालाब में नहाने गए थे, जहां पर तीनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया है।
यह पूरी घटना सीधी जिले के मड़वास चौकी क्षेत्र अंतर्गत खुजुरिया के समदा गांव की है। शुक्रवार की दोपहर बच्चे अपने माता पिता के साथ रोजाना की तरह महुआ बीनने के लिए जंगल गए हुए थे। महुआ बीनने के बाद बच्चे गांव में बने तालाब में नहाने के लिए गए। जहां नहाते समय तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और उसमें डूबने से उनकी मौत हो गई। मरने वालों में 10 साला की पार्वती प्रजापति, 8 साल की आरती प्रजापति और 5 साल का अंतर लाल प्रजापति शामिल है। मरने वाले तीनों बच्चे सगे भाई बहन हैं।
बच्चों के पिता मोहन प्रजापति और ग्रामीणों द्वारा तीनों को गांव में ढूंढने की काफी कोशिश की गई, लेकिन वो नहीं मिले। तभी कुछ ग्रामीणों द्वारा तालाब में डूबे हुए बच्चों को देखा गया! जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर गोताखोरों को बुलाया गया। जिनकी मदद से तीनों शवों को बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक छाया है।
एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

0 Comments