वन विहार के जंगल में लूट की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, गैंग के तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार ब्यौहारी पुलिस का वादा ब्यौहारी को अपराध मुक्त करेंगे
शेखर खान "पत्रकार"
शहडोल। जिले में वन विहार के पास जंगल क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सामग्री तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 5 मार्च 2026 को आकाश गुप्ता एवं पूजा रावत बरकच की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वन विहार के पास जंगल में घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने पीड़ितों से मोबाइल फोन और नगदी राशि छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मामले में अपराध क्रमांक 161/26 पंजीबद्ध कर पुलिस द्वारा गहन विवेचना की गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर सागर बारगाही, नवीन बारगाही और सूर्यांश बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नगद राशि तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सागर बारगाही और नवीन बारगाही आपस में चचेरे भाई हैं और दोनों पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सागर बारगाही के खिलाफ 11 आपराधिक प्रकरण, नवीन बारगाही के खिलाफ 5 प्रकरण तथा सूर्यांश बघेल के खिलाफ 2 प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि यह आरोपी गैंग बनाकर क्षेत्र में लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments