बिलासपुर में बड़ा रेल हादसाः लोकल ट्रेन मालगाड़ी से टकराई, चार की मौत, कई घायल
शहडोल (शेखर खान) ।
मंगलवार को बिलासपुर में सुबह एक भीषण रेल हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, गेवरा रोड से रायपुर की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन बिलासपुर आउटर पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन के आगे के डिब्बे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, अब तक चार से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे ने जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, सिग्नलिंग सिस्टम में गड़बड़ी या मानवीय त्रुटि इसकी वजह हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैंः
📞 7777857335, 7869953330
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। दुर्घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, जिससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
रेलवे अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और घायलों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।


0 Comments