Ticker

6/recent/ticker-posts

जनप्रिय समाजसेवी एवं रिटायर्ड रेंज ऑफिसर गुफरान खान “दद्दा जी” का इंतकाल पूरे इलाके में शोक की लहर

जनप्रिय समाजसेवी एवं रिटायर्ड रेंज ऑफिसर गुफरान खान “दद्दा जी” का इंतकाल पूरे इलाके में शोक की लहर




शेखर खान "पत्रकार" 


क्षेत्र के लिए अत्यंत दुःखद खबर है कि अपनी सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के लिए पहचाने जाने वाले जनाब गुफरान खान “दद्दा जी” (रिटायर्ड रेंज ऑफिसर) का इंतकाल हो गया है। उनके निधन से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा शहडोल जिला शोकाकुल हो गया है। हर आंख नम है और हर जुबान पर उनके लिए दुआएं हैं।

मरहूम गुफरान खान “दद्दा जी” का जीवन सेवा, समर्पण और इंसानियत की मिसाल रहा। उन्होंने अपने शासकीय कार्यकाल में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, वहीं सेवानिवृत्ति के बाद भी वे लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे। वे हर वर्ग, हर समुदाय के लोगों के बीच समान रूप से लोकप्रिय थे और हमेशा समाज में भाईचारा, सौहार्द और एकता का संदेश देते रहे।

दद्दा जी का व्यक्तित्व बेहद विनम्र, मिलनसार और मददगार था। वे क्षेत्र के उन चुनिंदा लोगों में से थे जो दूसरों के दुख को अपना दुख समझते थे। किसी भी जरूरतमंद की मदद के लिए वे बिना किसी भेदभाव के सबसे आगे खड़े नजर आते थे। उनके दरवाजे हमेशा आम लोगों के लिए खुले रहते थे, यही वजह है कि वे लोगों के दिलों में एक खास जगह बना पाए।

उनके निधन से समाज ने एक सच्चा मार्गदर्शक, संरक्षक और नेकदिल इंसान खो दिया है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। उनकी यादें, उनके द्वारा किए गए नेक कार्य और उनका स्नेह हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मरहूम की मिट्टी (जनाजा) आज नमाज-ए-मगरिब के बाद शाम 6:30 बजे पाली रोड सोहागपुर, शहडोल स्थित ईदगाह कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक की जाएगी।

शोक संतप्त परिवार में रिजवान खान एवं पूर्व पार्षद सूफियान खान सहित समस्त परिजन शामिल हैं। उनके निधन पर जिले के सामाजिक, राजनीतिक एवं आम जनमानस ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

अल्लाह तआला से दुआ है कि मरहूम को जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम अता फरमाए और तमाम परिजनों को सब्र-ए-जमील अता करे। आमीन।



Post a Comment

0 Comments